Breaking News

15 दिन से लापता नाबालिग मृत मिला, हत्या की आशंका; जांच तेज

जंगल में 17 वर्षीय नाबालिग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक पिछले 15 दिनों से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में हत्या सहित सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। घटना महासमुंद जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

गर्लफ्रेंड से मिलने के बाद लापता हुआ

मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ई मेला देखने गया था। वापसी के दौरान उसने महासमुंद जिले के ग्राम पंचायत जमदरहा के आश्रित गांव जमनीडीह में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे जमनीडीह पहुंचा और दोस्त के मोबाइल से युवती को कॉल कर उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया।

30 जनवरी को उसके दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद उद्रेश द्वारा उपयोग किया गया मोबाइल गांव के पास बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान तेज कर दिया। डॉग स्क्वॉड की मदद भी ली गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। लगातार सर्चिंग के बीच शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में उद्रेश का शव बरामद हुआ। शव आंशिक रूप से क्षत-विक्षत अवस्था में था, जिसके कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था।

पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव के डीकंपोज होने के कारण पोस्टमार्टम रायपुर मेडिकल कॉलेज में कराया जाएगा। पुलिस युवती और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और वे फोन पर बातचीत करते थे।

पुलिस का कहना है कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। हत्या या अन्य किसी कारण की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जंगल में संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

About NW-Editor

Check Also

शादी में देरी से परेशान प्रेमी युगल ने उठाया आत्मघाती कदम, जांच में जुटी पुलिस

शादी में हो रही देरी से हताश प्रेमी-प्रेमिका के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *