Breaking News

”नरेंद्र मोदी की माँ को गाली देने में: NDA का प्रदर्शन, कल होगा बिहार बंद”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल के विरोध में NDA के घटक दलों की महिला शाखा ने कल यानी चार सितंबर को पांच घंटे के लिए बिहार बंद का आह्वान किया है। यह बंद बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहेगा। दरअसल दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में खुले मंच से पीएम मोदी को गाली दी गई थी।

इस संबंध में मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित, NDA के घटक दलों के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि NDA के सभी नेता ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में राजद और कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र शब्दों के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ मोदी की मां का नहीं बल्कि देश की हर मां का अपमान है।’

उन्होंने बताया कि महिला शाखा द्वारा आहूत बंद में आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं को बंद से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा। डॉ. जायसवाल ने इस घटना को बिहार का भी अपमान बताया और कहा कि माताओं को देवतुल्य माना जाता है, उनका अपमान असहनीय है। उन्होंने लोगों से बंद में शामिल होने और कांग्रेस-राजद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ‘महागठबंधन की यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणियां न सिर्फ लोकतांत्रिक परंपराओं का, बल्कि मां के पूजनीय पद का भी अपमान है। बिहार की धरती माताओं-बहनों का अपमान करने वालों को नहीं बख्शेगी।’ वहीं, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि राजद-कांग्रेस के मंच से इस्तेमाल की गई भाषा लोगों को जंगलराज की याद दिलाती है। NDA नेताओं ने कहा कि महिला मोर्चा चार सितंबर को सड़कों पर उतरेगा और अभद्र भाषा के खिलाफ सशक्त विरोध दर्ज कराएगा।

About NW-Editor

Check Also

एक झपकी और UP Police की स्कार्पियो पेड़ से टकराई, इंस्पेक्टर की मौत, 5 जवान घायल

Bihar News: सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। गोरखपुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *