सीतापुर (खैराबाद)। खैराबाद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार से मुरादाबाद की ओर दूध लेकर जा रहा एक टैंकर जमैयतपुर गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा करीब 30 हजार लीटर दूध सड़क किनारे बने गड्डों में बह गया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर के आगे चल रही एक डीसीएम ने अचानक ब्रेक लगा दिए। डीसीएम को बचाने के प्रयास में टैंकर चालक ने भी तेज ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के साथ ही दूध का टैंक फट गया और चारों ओर दूध फैल गया। दूध फैलने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते लोग डिब्बे, बाल्टी और बर्तनों में गड्डों से दूध भरते नजर आए। कुछ ही देर में बड़ी मात्रा में दूध ग्रामीण अपने साथ ले गए। वहीं हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। टैंकर की चपेट में पास में खड़ी दो कारें भी आ गईं, जिससे वे क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। टैंकर चालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही खैराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। साथ ही क्रेन की मदद से दूध से भरे टैंकर को सीधा कराने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, टैंकर बिहार से मुरादाबाद की ओर दूध लेकर जा रहा था। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने से होने वाले खतरनाक हादसों पर सवाल खड़े करती है।
News Wani
