पटियाला। पंजाब के पटियाला में डीसीडब्ल्यू ओवरब्रिज के पास झाड़ियों में मिले नीले ड्रम में युवती का शव मिलने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि मृतका 15 वर्षीय नेहा थी और उसकी हत्या उसके प्रेमी विराट ने की थी। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार नेहा का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर का रहने वाला है और पिछले करीब 25 वर्षों से पटियाला में रह रहा है। नेहा की शादी पांच वर्ष पहले हुई थी, लेकिन वैवाहिक विवाद के चलते डेढ़ वर्ष बाद उसका तलाक हो गया था।
इसके बाद वह अपने मायके में रहने लगी थी। करीब डेढ़ वर्ष पहले उसकी मुलाकात पटियाला में मजदूरी करने वाले विराट से हुई थी, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। जांच में सामने आया कि नेहा लगातार विराट पर शादी करने और उसे पत्नी का दर्जा देने का दबाव बना रही थी, जबकि विराट इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
पुलिस के मुताबिक 25 मई की रात विराट ने नेहा को अपने कमरे पर बुलाया। वहां शादी को लेकर दोनों के बीच फिर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से नेहा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की योजना बनाई। वह बाजार से एक प्लास्टिक का नीला ड्रम खरीदकर लाया और शव को उसमें बंद कर दिया। बाद में उसने एक ई-रिक्शा की मदद से ड्रम को डीसीडब्ल्यू ओवरब्रिज के पास सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया। अगले दिन सफाई कर्मचारी को झाड़ियों में पड़ा ड्रम संदिग्ध लगा।
जब ड्रम खोला गया तो उसमें युवती का शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मृतका की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके बाद उसके परिजनों ने शव की पहचान नेहा के रूप में की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली। इसमें पता चला कि मौत से पहले उसकी आखिरी बातचीत विराट से हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके उत्तर प्रदेश भागने की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
News Wani
