यूपी। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने एक जून को प्रदेश के 63 जिलों में आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले रविवार को भी कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। लखनऊ समेत कई इलाकों में दोपहर बाद आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। कई स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। कासगंज, मैनपुरी और अमरोहा में ओले गिरने की भी सूचना है। चंदौसी में पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि लखनऊ के मलिहाबाद स्थित ईशु खेड़ा गांव में दीवार गिरने से मलबे में दबकर 9 वर्षीय अनमोल की जान चली गई।
इटावा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत दो लोगों की मौत की खबर है। दिल्ली-एनसीआर और यूपी के तराई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। संभल, हाथरस, गोंडा, मुरादाबाद और बलरामपुर में जोरदार बारिश दर्ज की गई। वहीं शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बलिया में 34.4 मिमी, मुरादाबाद में 21.8 मिमी, हरदोई में 19.4 मिमी, हमीरपुर में 3 मिमी, आगरा में 2.4 मिमी, लखनऊ में 2.4 मिमी और लखीमपुर खीरी में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
हालांकि बस्ती जिले में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 63 जिलों में गरज-चमक के साथ आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, इन जिलों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर होने लगेगा। प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सतर्क रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखे। साथ ही जनहानि या पशुहानि की स्थिति में प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि दी जाए और फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराया जाए। प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, बलिया, जौनपुर, आजमगढ़, देवरिया, गोंडा, बहराइच, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपुर, झांसी समेत कुल 63 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
News Wani
