Breaking News

गुरुग्राम से सेल्समैन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता: शोरूम से निकलते ही बंद हुआ फोन, अस्पतालों से आ रहे फर्जी एक्सीडेंट कॉल

गुरुग्राम : यहां सेक्टर-14 स्थित वुडलैंड शोरूम में काम करने वाला 32 वर्षीय सेल्समैन कृष्ण चन्द्र जना लापता हो गया। उसके भाई की शिकायत पर थाना सेक्टर-14 पुलिस ने केस दर्ज कर के तलाश शुरू कर दी है। ओडिशा के बद्रक जिले के बरागडा गांव निवासी प्रताप कुमार जना ने पुलिस को बताया कि उनका छोटा भाई कृष्ण चन्द्र जना पिछले तीन साल सेक्टर-14 के वुडलैंड शोरूम में सेल्समैन के पद पर काम कर रहा है। वह सेक्टर-14 में किराये के मकान में रहता है।उसके भाई प्रताप ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 30 मई की रात 9:30 बजे कृष्ण ड्यूटी खत्म करके शोरूम से निकला था।

इसके बाद उसका मोबाइल बंद आने लगा। 31 मई की सुबह 9:30 बजे कृष्ण के मोबाइल से घर पर फोन आया। दूसरी ओर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने बताया कि एमजी रोड पर उसका एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलते ही परिजनों ने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल और सेक्टर-10 स्थित सिविल हॉस्पिटल में पता किया, लेकिन वहां कृष्ण भर्ती नहीं मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार दोपहर करीब दो बजे फिर किसी ने फोन कर बताया कि कृष्ण को हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जब परिजनों ने वहां संपर्क किया तो अस्पताल रिकॉर्ड में भी उसका नाम नहीं मिला।

भाई प्रताप का कहना है कि बार-बार अलग-अलग जगहों से फोन आने और अस्पताल में मरीज न मिलने से उन्हें शक है कि किसी ने उसे अगवा कर रखा है। शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-14 पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।  मामले की जांच उपनिरीक्षक धर्मबीर को सौंपी गई है।  पुलिस ने कृष्ण का मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने और कॉल डिटेल खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पता चल सके कि वह शोरूम से निकलने के बाद किस दिशा में गया। थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया कि लापता युवक की तलाश के लिए सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

आधी रात का राज़: गुरुग्राम में प्रेमी ने प्रेमिका को मिट्टी में दफन कर की निर्मम हत्या

गुरुग्राम. दो घंटे में लौटती हूं. लेकिन अब युवती कभी नहीं लौटेगी. क्योंकि प्रेमी ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *