Breaking News

सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल हुए पूरे, पीएम मोदी बोले- आतंकवाद के खिलाफ जारी रहेगी सख्त नीति

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने के संदर्भ में आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का जिक्र किया। ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत के निर्णायक रुख का उदाहरण बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद की वजह से भारत लंबे समय तक दर्द झेलता रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक इसी चुनौती के खिलाफ उठाया गया एक बड़ा कदम था। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है और देश की सुरक्षा के खिलाफ किसी भी आतंकी हमले का जवाब दिया जाएगा।

बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है। उनका कहना था कि देश ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति और प्रतिक्रिया को समय-समय पर स्पष्ट किया है।

26/11 और दिल्ली ब्लास्ट को किया याद

पीएम मोदी ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले और दिल्ली में हुए सिलसिलेवार धमाकों का भी जिक्र किया। उन्होंने आतंकवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों को याद किया। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका में हुए 9/11 हमले के 25 साल पूरे होने का उल्लेख करते हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी।

जनगणना को बताया राष्ट्रीय दायित्व

‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने जनगणना को देश के प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया। उन्होंने लोगों से जनगणना प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की। पीएम ने कहा कि नागरिक मोबाइल के माध्यम से अपने और परिवार की जानकारी दर्ज करने की सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं।

स्वच्छता को लेकर लोगों से जुड़ने की अपील

महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पीएम मोदी ने स्वच्छता के महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जीवन में स्वच्छता का विशेष स्थान था। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर स्वच्छता से जुड़े फोटो, वीडियो और रील्स का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों के छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ा बदलाव आता है।

युवाओं ने चलाया नशा मुक्ति अभियान

प्रधानमंत्री ने युवाओं की ओर से चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियानों की भी चर्चा की। ‘मेरा भारत’ के तहत एंथम, स्लोगन राइटिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से युवा नशे से दूर रहने का संदेश भी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। अभियान के तहत 100 शहरों में स्वास्थ्य जांच और ध्यान शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित किए जाने की बात भी कही गई।

थाईलैंड में भी लोकप्रिय हैं भगवान गणेश

पीएम मोदी ने भारत और थाईलैंड के सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए बताया कि थाईलैंड में भगवान गणेश की पूजा ‘फ्रा फिकानेट’ के रूप में की जाती है। उन्होंने कहा कि वहां गणेश से जुड़ी परंपराओं और संस्कृति को समझने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

संरक्षण से बढ़ी पिग्मी हॉग की संख्या

असम में वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने पिग्मी हॉग की संख्या बढ़ने की जानकारी दी। संरक्षण कार्यक्रम के बाद इसकी संख्या 190 से अधिक हो गई है। उन्होंने सोनाई रूपाई वन्यजीव अभयारण्य में अतिक्रमण हटाए जाने के बाद हाथियों के अपने पुराने क्षेत्र में लौटने का भी उल्लेख किया।

About NW-Editor

Check Also

SIR विवाद पर बढ़ा सियासी घमासान, 2 अक्टूबर से देशभर में प्रदर्शन का ऐलान

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर विवाद लगातार बढ़ता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *