बिजनौर – ( अफजलगढ़ ) महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के लिए अफजलगढ़ पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर आबाद में साइबर हेल्प डेस्क के संबंध में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अफजलगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान नजमुस्सहर के आवास पर ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचने के तरीके और साइबर हेल्पलाइन के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। चौपाल में मौजूद महिलाओं और ग्रामीणों को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से जुड़े विषयों पर भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आजकल साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचना चाहिए। साथ ही लोगों को सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 108 सामान्य एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्डलाइन, 101 अग्निशमन सेवा और 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी या साइबर अपराध होता है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान नजमुस्सहर, प्रधान पति रईस अहमद, महिला उपनिरीक्षक रीनू पंवार, उपनिरीक्षक शिवम तायल, महिला कांस्टेबल किरण देवी, दीपा तोमर, आरती देवी और अंजू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस की इस पहल की ग्रामीणों और महिलाओं ने सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
News Wani
