नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर दिल्ली में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े करीब 150 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इनमें AAP नेता सौरभ भारद्वाज भी शामिल हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस और RAF के जवान तैनात किए गए, जबकि इलाके की ड्रोन से निगरानी भी की गई। जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र को कई जोन में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई।
कई मेट्रो स्टेशनों पर आवाजाही प्रभावित
प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद किए गए। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग समेत कई स्टेशन शामिल रहे। प्रशासन ने यह कदम सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उठाया।
दिल्ली में प्रदर्शन, जुलूस और सभा को लेकर प्रतिबंध भी लागू किए गए थे। जंतर-मंतर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ वॉटर कैनन और RAF की तैनाती की।
प्रदर्शनकारियों ने उठाए SIR से जुड़े सवाल
प्रदर्शन के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने SIR की प्रक्रिया और मतदाता डेटा से जुड़े मुद्दे उठाए। विपक्षी नेताओं की ओर से चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग की गई।
वहीं, चुनाव आयोग ने SIR पूरा हो चुके राज्यों में फॉर्म-6 में बदलाव किया है। अब SIR के दौरान नाम हटने के बाद दोबारा नाम जुड़वाने के लिए 2003 की मतदाता सूची में स्वयं या परिवार के सदस्यों का नाम होने से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी देने की जरूरत नहीं होगी। हालांकि, नए मतदाता के लिए पात्रता की सामान्य जांच प्रक्रिया जारी रहेगी।
मुंबई में भी प्रदर्शन की तैयारी
SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर मुंबई में भी प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया है। शिवाजी पार्क में शाम 4 बजे प्रदर्शन की घोषणा की गई है। इसके मद्देनजर पुलिस की तैनाती की गई है।
प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के दौरान दिल्ली में जंतर-मंतर पहुंचने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा रखा गया और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए रही।
News Wani
