जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के 13वें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 71 मेडल अपने नाम कर लिए हैं। इनमें 12 गोल्ड मेडल शामिल हैं। भारत मेडल टैली में छठे स्थान पर पहुंच गया है।
शुक्रवार को भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाजी टीम ने सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में भारत को दक्षिण कोरिया के खिलाफ 1-5 से हार मिली। भारतीय टीम में संजय भोगे, धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान शामिल थे।
इससे पहले लवलीना बोरगोहेन ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में चीन की बाओ जियी को 5-0 से हराया। यह एशियन गेम्स में भारत का बॉक्सिंग में पहला गोल्ड बताया गया है।
भारत को तीरंदाजी के रिकर्व मिक्स्ड टीम इवेंट में भी सिल्वर मिला। कुमकुम मोहोद और धीरज बोम्मदेवरा की जोड़ी को फाइनल में चीन से 2-6 से हार मिली।
वहीं, भारतीय महिला रिकर्व टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता। अंकिता भगत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद की तिकड़ी ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया।
रेसलिंग में भी भारत को बड़ी सफलता मिली। सुजीत कलकल ने पुरुषों के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल सेमीफाइनल में जापान के मौजूदा ओलिंपिक चैंपियन को 3-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब वह गोल्ड के लिए मुकाबला करेंगे।
इसके अलावा नेथरा कुमानन ने महिलाओं की डिंगी स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि भारतीय पुरुष सेपकटकरा टीम को सेमीफाइनल में हार के बाद कांस्य पदक मिला।
सेपकटकरा में भारत को कांस्य पदक
पुरुषों की क्वाड्रेंट स्पर्धा के सेमीफाइनल में भारतीय टीम को जापान के खिलाफ 0-2 से हार मिली। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को कांस्य पदक मिलने के कारण भारत के खाते में एक और ब्रॉन्ज आया।
सुजीत कलकल के पास गोल्ड जीतने का मौका
65 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में सुजीत कलकल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान के ओलिंपिक चैंपियन को 3-3 से हराया। मुकाबले में आखिरी अंक हासिल करने के आधार पर सुजीत को विजेता घोषित किया गया। अब उनका फाइनल मुकाबला ताजिकिस्तान के अब्दुलमाजिद कुडिएव से होना है।
दीपांशी ने कांस्य पदक की उम्मीद बरकरार रखी
महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में दीपांशी ने रेपेचेज मुकाबले में कंबोडिया की डिट सैम्नांग को 10-0 से हराया और ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जगह बनाई। उनका अगला मुकाबला कजाकिस्तान की जेनैप बायानोवा से होना है।
सेलिंग में नेथरा कुमानन को ब्रॉन्ज
महिलाओं की डिंगी स्पर्धा में नेथरा कुमानन ने कांस्य पदक जीता। फाइनल की पहली रेस में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने के बाद उन्होंने दूसरी रेस में वापसी की। दोनों फाइनल रेस के बाद अंक बराबर रहने पर मुकाबलों के रिकॉर्ड के आधार पर नेथरा को ब्रॉन्ज दिया गया।
पुरुष वॉलीबॉल टीम ने दक्षिण कोरिया को हराया
भारत ने 5वें से 8वें स्थान के क्लासिफिकेशन मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी। भारत ने यह मैच 25-16, 25-20, 23-25 और 25-23 के स्कोर से जीता।
भारत की महिला रिकर्व टीम ने जीता गोल्ड
दिन की शुरुआत भारत के लिए महिला रिकर्व टीम के गोल्ड मेडल से हुई। अंकिता भगत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद की टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 17 वर्षीय कुमकुम ने दबाव के बीच अहम मौकों पर शानदार निशाने लगाए।
मिक्स्ड रिकर्व में सिल्वर से करना पड़ा संतोष
कुमकुम मोहोद और धीरज बोम्मदेवरा की जोड़ी रिकर्व मिक्स्ड टीम फाइनल में चीन से 2-6 से हार गई। चीन की टीम ने निर्णायक सेट में बेहतर प्रदर्शन करते हुए गोल्ड अपने नाम किया, जबकि भारत को सिल्वर मिला।
भारत की पदक संख्या 71 पहुंची
एशियन गेम्स 2026 में अब भारत के खाते में 12 गोल्ड समेत कुल 71 मेडल हो चुके हैं। यह एशियाड में भारत की दूसरी सबसे बड़ी पदक संख्या है। इससे पहले 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में भारत ने रिकॉर्ड 107 पदक जीते थे, जबकि 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में भारत के नाम 69 मेडल रहे थे।
News Wani
