Breaking News

रोहतक में सनसनीखेज वारदात: लेडीज संगीत में डांस पर भड़के जेठ ने महिला की हत्या

हरियाणा: रोहतक में जेठ ने दरात से काटकर अपने छोटे भाई की पत्नी की हत्या कर दी। महिला पड़ोसियों के यहां लेडीज संगीत पर गई थी। वहां उसे डांस करता देख जेठ भड़क गया। जैसे ही वह घर आई तो उसने दरात से हमला किया। उसने सिर, मुंह, छाती, हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। हमला करने के बाद जेठ फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। महिला के मायके वालों की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है। मृतका के भाई का आरोप है कि बहन के ससुरालवालों को पिछले महीने भात में जाना था। जेठ ने बहन को धमकी दी थी कि तू वहां गई जो जान से मार देंगे। इसके बाद भी वह चली गई। इसी रंजिश में ससुरालवालों ने उसकी हत्या की है।

पड़ोसियों के घर लेडीज संगीत पर गई: रोहतक के रिठाल गांव निवासी सुखबीर फोगाट के पड़ोसियों के यहां शादी है। रविवार रात को उनके लेडीज संगीत था। सुखबीर की पत्नी प्रवेश (39) उनके बुलावे पर वहां गई थी। उसने वहां अन्य महिलाओं के साथ डांस भी किया। जैसे ही प्रवेश वहां डांस करने के बाद लौटी तो घर पर जेठ जसबीर फोगाट ने उससे डांस करने पर झगड़ा करना शुरू कर दिया।

मुंह, पेट और हाथ पर वार किया: परिवार के मुताबिक, तभी जसबीर घर में रखी दरात उठाकर लाया और प्रवेश पर हमला कर दिया। उसने मुंह, पेट और हाथ पर वार किए और फरार हो गया। उस समय प्रवेश के तीनों बच्चे घर में सो रहे थे। उसका पति सुखबीर और उसकी मां घर पर नहीं थी। प्रवेश को खून से लथपथ छोड़कर जसबीर फरार हो गया।

बेटा उठा तो मां जमीन पर पड़ी थी: परिवार के मुताबिक, प्रवेश का बेटा उठा तो उसकी मां जमीन पड़ी हुई थी। बेटे ने तुरंत अपने मामा को फोन कर सूचना दी। प्रवेश के परिवार के लोग कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे और उसे PGI ले गए, वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद सदर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

16 साल पहले शादी हुई, 3 बच्चे: गद्दी खेड़ी गांव निवासी सोमदास ने बताया कि मेरी बहन प्रवेश की शादी 16 साल पहले रिठाल गांव के सुखबीर के साथ हुई थी। उसका पति सुखबीर खेती करता है। प्रवेश के तीन बच्चे हैं- शनाया (15), हितेश (14) और श्रेया (10) हैं। तीनों स्कूल में पढ़ते हैं। जसबीर प्रवेश का जेठ है और एक स्टील फैक्ट्री चलाता है।

जेठी बाहर जाने को लेकर टोकता था: सोमदास ने आगे बताया कि रविवार रात 10 बजे को भांजे हितेश ने मुझे फोन कर सूचना दी थी। पहले भी झगड़े होते थे, लेकिन बड़े लोग मामले को शांत करा देते थे। बहन का घर बस जाए, इसलिए बात को ज्यादा नहीं बढ़ाते थे। उसका जेठ बात-बात पर टोका टाकी करता था। कहता था, यहां नहीं जाना, ये नहीं करना। इन्हीं बातों पर झगड़े होते थे।

भात में न जाने को लेकर धमकी दी थी: प्रवेश के चचेरे भाई राकेश ने बताया- ससुरालवालों ने प्लानिंग से प्रवेश की हत्या की। बच्चों ने तो यही बताया है कि ताऊ ने हत्या की है, लेकिन ये एक बंदे का काम नहीं है। हमें पता चला है कि 11 मार्च को इन्हें सोनीपत में भात भरने जाना था। तब जसबीर ने प्रवेश को कहा था कि तू नहीं जाएगी। अगर प्रवेश गई तो इसे जान से मार दूंगा। फिर भी प्रवेश चली गई। इसी बात की जसबीर रंजिश रखे हुए था। प्रवेश को बुरी तरह मारा गया। इस तरह तो कोई मुर्गे को भी नहीं काटता।

पुलिस ने केस दर्ज किया: घिलौड़ चौकी इंचार्ज मुकेश ने कहा कि एक महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका प्रवेश के मायके पक्ष के लोगों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

About NW-Editor

Check Also

1 हजार की शर्त में खिला दिया गोबर: VIDEO वायरल; 3 पर FIR

हरियाणा के सिरसा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *