देहरादून जनपद के विकास नगर क्षेत्र की जीवनगढ़ निवासी युवती के लापता होने की गुत्थी 21 दिन बाद सुलझ गई है। पुलिस व संबंधितों से प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती ने ग्राम ढकरानी निवासी शहबाज के एकतरफा प्रेम और शारीरिक संबंध बनाने के दबाव को ठुकरा दिया था। इससे गुस्साए शहबाज ने अपने दोस्त फैजान और एक नाबालिग किशोर के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी। आरोपितों ने युवती को कुल्हाल क्षेत्र ले जाकर गला घोंटने के बाद शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित शहबाज को 12 सितंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था, परंतु इसकी जानकारी आज दी है।
सात सितंबर को युवती अचानक लापता हो गई थी। इस पर परिजनों ने कोतवाली विकास नगर में गुमशुदगी दर्ज कराई। पिता ने आशंका जताई कि शहबाज उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था और अपहरण में उसकी संलिप्तता हो सकती है। इसी आधार पर पुलिस ने अपहरण का अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की और 12 सितंबर को शहबाज को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ में शहबाज ने चौंकाने वाला सच उजागर किया। उसने स्वीकार किया कि युवती द्वारा उसकी मांग न मानने पर उसने खतरनाक साजिश रची थी। पूछताछ में सामने आया कि शहबाज ने अपने दोस्त फैजान और एक किशोर के साथ मिलकर युवती को कुल्हाल क्षेत्र बुलाया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को छिपाने के लिए नहर में फेंक दिया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस लगातार नहर में शव की तलाश कर रही हैं। कोतवाल विनोद गुसाईं ने बताया कि तलाश अभियान जारी है और जल्द शव बरामद कर घटना की सभी कड़ियां जोड़ी जाएंगी। शव मिलने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कर प्रमाणिक साक्ष्य अदालत में पेश किए जाएंगे। पुलिस ने आरोपित शहबाज पर हत्या की धारा जोड़कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा गया। बाद में रिमांड पर लेकर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। फैजान को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि किशोर को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया है। साथ ही आरोपितों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की गई है। यह घटना क्षेत्र में दहशत फैलाने वाली रही, जिसने 21 दिन तक पुलिस और परिजनों की नींद उड़ा दी। अब आरोपित कानून के शिकंजे में हैं और जल्द ही न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें कठोर दंड भुगतना पड़ेगा।
News Wani
