महाराष्ट्र के संतों की भूमि कहे जाने वाले शेगांव से एक बेहद शर्मनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे बुलढाणा जिले को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक होटल मालिक पर वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों के साथ घिनौनी हरकत करने के गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप है कि होटल मालिक ने महिलाओं के नहाते समय और शॉवर लेते हुए आपत्तिजनक वीडियो बनाए और उन्हें गुप्त रूप से रिकॉर्ड किया। मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि बाद में इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने एक महिला कर्मचारी का लगातार यौन उत्पीड़न किया। डर और मानसिक प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और पुलिस के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता के बयान के अनुसार आरोपी ज्ञानेश्वर लिप्टे ने न केवल शारीरिक शोषण किया, बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया। शिकायत में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने होटल में काम करने वाली अन्य महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शेगांव पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, अश्लील हरकत और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी के पास और कितने आपत्तिजनक वीडियो मौजूद हैं। इस घटना के सामने आने के बाद शेगांव शहर में लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि महिलाओं के साथ इस तरह का घिनौना अपराध करने वाले आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
News Wani
