कानून-व्यवस्था व जनसरोकारों पर एसपी सख्त

कल्यानपुर थाने का किया औचक निरीक्षण
थाने की जनसुनवाई में सुनीं फरियादे,ं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
– कल्याणपुर थाने का निरीक्षण करते एसपी
फतेहपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक एक्शन मोड में नजर आए। शुक्रवार को उन्होंने थाना कल्यानपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल की, वहीं जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतें सुनकर उनके त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश भी दिए। एसपी की मौजूदगी से थाना परिसर में पूरे समय सक्रियता और सतर्कता का माहौल बना रहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, बैरक, पुलिस आवास, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कार्यालय, शस्त्रागार, भोजनालय, मिशन शक्ति कक्ष, मालखाना, हवालात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा पुलिस कार्यों को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत थाना परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसपी ने फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराना विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए और प्रत्येक मामले में निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और तत्परता के साथ करने के निर्देश दिए। एसपी के निरीक्षण और जनसुनवाई कार्यक्रम से यह स्पष्ट संदेश गया कि पुलिस प्रशासन कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति भी पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है।

About NW-Editor

Check Also

पेंशनरों को मिली बड़ी सौगात, पेंशनर कक्ष का हुआ लोकार्पण

प्रभारी मंत्री व डीएम ने किया उद्घाटन – पेंशनर कक्ष उद्घाटन करते प्रभारी मंत्री अजीत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *