Breaking News

बर्थडे पार्टी से लौटते समय हुआ हादसा, 9 दिन बाद युवती ने तोड़ा दम; रॉन्ग साइड से आए ट्रैक्टर ने मारी थी टक्कर

कानपुर। किदवई नगर इलाके में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवती कशिश की गुरुवार तड़के इलाज के दौरान मौत हो गई। करीब नौ दिनों तक हैलट अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसने दम तोड़ दिया। हादसा 4 अगस्त की देर रात उस समय हुआ था, जब कशिश अपनी सहेलियों के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रही थी।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब दो बजे कशिश अपनी सहेलियों अंतरा सिंह और कनक वर्मा के साथ फॉर्च्यूनर कार से वापस लौट रही थी। कार साकेत नगर स्थित एक्सिस होंडा शोरूम के पास पहुंची थी, तभी सामने से रॉन्ग साइड आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर का एक पहिया निकल गया, जबकि ट्रैक्टर के दोनों टायर फट गए और उसके रिम भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया था।

दो युवतियों के सिर में आई गंभीर चोट

हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हुए थे। कशिश और अंतरा के सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जबकि कार चला रही कनक वर्मा को मामूली चोट लगी थी। सूचना मिलने पर किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद कशिश समेत घायलों को हैलट अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

कशिश का करीब नौ दिनों से अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार तड़के उसकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई

थानाध्यक्ष विजय सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया था। युवती की मौत के बाद अब परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की भी जांच कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार सवारों के नशे में होने की बात कही है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

About NW-Editor

Check Also

सावन के दूसरे सोमवार पर कानपुर के शिवालयों में आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

कानपुर। सावन के दूसरे सोमवार पर कानपुर में भगवान शिव के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *