कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव से करीब 500 मीटर दूर आम के बगीचे में 24 वर्षीय गर्भवती युवती का शव मिला। शव के मुंह से झाग निकल रहा था और शरीर नीला पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
परिजनों के मुताबिक, युवती का एक युवक से प्रेम संबंध था और वह करीब चार महीने पहले उसके साथ घर से चली गई थी। करीब एक महीने पहले वह घर वापस लौटी और परिवार को बताया कि वह तीन महीने की गर्भवती है। इसके कुछ दिन बाद वह एक अन्य युवक के साथ फिर घर से चली गई। करीब 25 दिन बाद उसका शव गांव के बाहर आम के बगीचे में मिला।
बगीचे में मिले शराब की बोतल और कार के टायर के निशान
घटना की सूचना मिलते ही घाटमपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य जुटाए। वहां शराब की बोतल और गिलास मिलने के साथ ही कार के टायर के निशान भी मिले हैं। डॉग स्क्वायड ने भी घटनास्थल की जांच की और करीब एक किलोमीटर दूर केवड़िया रोड तक पहुंचा।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध युवकों से जुड़े मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। परिजनों ने युवती के प्रेमी पर जहर देकर हत्या करने और शव को बगीचे में फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, परिजन अभी संदिग्ध युवकों की स्पष्ट पहचान और उनके बारे में पूरी जानकारी नहीं दे पाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
News Wani
