Breaking News

कानपुर में 21 वर्षीय डांसर की संदिग्ध मौत, बेड पर मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के घाऊखेड़ा इलाके में बुधवार सुबह 21 वर्षीय डांसर कृष्ण कुमार उर्फ कल्लू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के कमरे में बेड पर पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक, कृष्ण के गले पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मोहल्ले के एक युवक पर आरोप लगाया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने में जुटी है।

सुबह कमरे में मिला अचेत

घाऊखेड़ा निवासी कृष्ण कुमार के परिवार के मुताबिक, वह मंगलवार रात करीब 11 बजे से 2 बजे तक मोबाइल चला रहा था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह करीब 5 बजे उसकी मां गीता देवी को सीढ़ियों की तरफ किसी के जाने की आहट सुनाई दी।

कुछ देर बाद वह कृष्ण को जगाने के लिए उसके कमरे में पहुंचीं। वहां कृष्ण बेड पर पड़ा था और उसका चेहरा तकिए से ढका हुआ था। मां ने तकिया हटाकर उसे आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया गया।

चीख-पुकार सुनकर रिश्तेदार और आसपास के लोग भी पहुंच गए। परिजन कृष्ण को पहले एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे कांशीराम अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुराने विवाद को लेकर परिजनों ने लगाए आरोप

मृतक के बड़े भाई ऋषभ कुमार का कहना है कि कृष्ण का मोहल्ले के एक युवक से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, 21 सितंबर को कृष्ण के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई थी। इसके बाद उनके घर पर पथराव किए जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिसमें कृष्ण की मां के पैर में चोट आई थी।

परिजनों का दावा है कि पुराने मामले में कृष्ण महत्वपूर्ण गवाह था और उसे गवाही देने को लेकर कथित तौर पर धमकियां मिल रही थीं। परिवार का आरोप है कि घटना से पहले पुलिस से शिकायत भी की गई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

9 अक्टूबर को दिल्ली में देना था ऑडिशन

परिवार के अनुसार, कृष्ण कुमार डांस करता था और अपने करियर को लेकर तैयारी कर रहा था। उसे 9 अक्टूबर को दिल्ली में एक ऑडिशन के लिए जाना था। परिजनों का कहना है कि वह ऑडिशन की तैयारी में जुटा हुआ था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

कृष्ण के गले पर चोट के निशान मिलने से परिजनों का संदेह और गहरा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मौत हत्या, हादसे या किसी अन्य वजह से हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

About NW-Editor

Check Also

कानपुर में ओवैसी की रैली के बाद सियासी बयानबाजी तेज, रूमी और इरफान सोलंकी ने दी प्रतिक्रिया

कानपुर। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कानपुर की राजनीति में बयानबाजी तेज …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *