दक्षिणी दिल्ली के लाडो सराय में एक पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवा रहे तीन दोस्तों पर 10-15 लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में 24 वर्षीय अली अमन की मौके पर ही मौत हो गई।
दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में साकेत थाना क्षेत्र के लाडो सराय स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार देर रात बाइक में पेट्रोल भरवाने आए तीन दोस्तों पर 10 से 15 लोगों ने चाकू से हमला बोल दिया। तीनों पर कई बार चाकू से हमला किया गया, जिसमें 24 वर्षीय अली अमन की मौके पर ही मौत हो गयी। उसके शरीर पर बीस बार चाकू से हमला किया गया था।
वहीं, दूसरा 23 वर्षीय सुफियान आईसीयू में है। उस पर आठ बार चाकू से हमला हुआ है, जबकि तीसरा ऋतिक की भी हालत नाजुक है, उसके ऊपर 12 से 15 बार चाकू से हमला किया गया है। घायलों का उपचार सफदरगंज में चल रहा है।
घटना के समय पेट्रोल पंप पर अच्छी खासी भीड़ थी, पर किसी ने बचाने की कोशिश नहीं की। घटना को अंजाम देकर सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी के आधार पर जांच कर रही है। घटना में शामिल आरोपियों की धर पकड़ की कोशिश कर रही है। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी का डीवीआर अपने साथ ले गई है।
ऑटो चलाता था अमन
जानकारी के मुताबिक, मृतक और दोनों घायल दोस्त थे। तीनों ऑटो चलाया करते थे। मृतक अली अमन के दो बहन और यही इकलौता भाई था। अली की बहन की शादी होने वाली है।
एक रिश्तेदार ने बताया कि अली अमन बहुत ही सीधा साधा लड़का है। उसी की गली में रहने वाले कुछ युवक अपने साथ रहने के लिए बोलते थे, पर अली अमन मना करता रहता था। शायद उन्हीं लोगों ने इन तीनों पर हमला किया है।
News Wani