Breaking News

ईरान-अमेरिका जंग पर ट्रम्प का बड़ा दावा, बोले- जल्द खत्म होगा संघर्ष; युद्ध थमते ही तेल के दाम गिरने की उम्मीद

वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को लेकर कहा है कि अमेरिका जल्द ही यह युद्ध जीत जाएगा। फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रम्प ने दावा किया कि सैन्य कार्रवाई और आर्थिक प्रतिबंधों के जरिए ईरान पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध खत्म होने के बाद दुनियाभर में तेल की कीमतों में तेजी से गिरावट आ सकती है।

ट्रम्प के मुताबिक, ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना अमेरिका का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य मोर्चे पर अमेरिका पहले ही बढ़त हासिल कर चुका है, हालांकि इसका यह मतलब नहीं है कि सैन्य कार्रवाई पूरी तरह समाप्त हो गई है।

मिडटर्म चुनाव से पहले फिर सैन्य कार्रवाई का सवाल

ट्रम्प से पूछा गया कि क्या अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान के खिलाफ दोबारा सैन्य हमले किए जा सकते हैं। इस पर उन्होंने संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया। ट्रम्प ने कहा कि ऐसा संभव है, लेकिन वह इस बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं देना चाहते।

उन्होंने ईरान की आर्थिक स्थिति पर भी टिप्पणी की। ट्रम्प ने दावा किया कि ईरानी मुद्रा कमजोर हुई है और देश में महंगाई काफी बढ़ गई है। उन्होंने ईरान की महंगाई दर करीब 300 प्रतिशत होने का दावा किया।

ईरान ने नए हमले की स्थिति में जवाब देने की चेतावनी दी

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि उनका देश किसी भी नए अमेरिकी हमले का सामना करने के लिए तैयार है। NBC न्यूज के कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में उन्होंने कहा कि ईरान अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करेगा, भले ही संघर्ष एक बेहद गंभीर युद्ध में बदल जाए।

हालांकि, अराघची ने बातचीत का रास्ता खुला रखने की बात भी कही। उनका कहना है कि शांति की किसी भी संभावित कोशिश को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

ईरान ने युद्ध समाप्त करने के लिए रखा था 7 दिन का प्रस्ताव

ईरान की ओर से संघर्ष खत्म करने के लिए अमेरिका के सामने सात दिन का प्रस्ताव रखे जाने की बात सामने आई है। प्रस्ताव में होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर बातचीत शुरू करने की बात शामिल थी। खबर के मुताबिक, अमेरिका ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

अराघची के अनुसार, ईरान समझौते के तहत होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए तैयार है। इसके बदले ईरान विदेशों में जमा अपनी संपत्तियों और धन पर लगी रोक हटाने तथा अपने तेल की बिक्री की अनुमति चाहता है।

चुनाव के बाद दोबारा हमले की चर्चा का दावा

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प प्रशासन में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई है। रिपोर्ट में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि मिडटर्म चुनाव के बाद ईरान पर फिर बमबारी शुरू करने की संभावना पर विचार किया गया है।

वहीं, अल जजीरा के पत्रकार माइक हाना ने अमेरिकी प्रशासन के बयानों में बदलाव का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, कभी बातचीत में प्रगति की बात कही जाती है, जबकि दूसरी ओर ईरान के खिलाफ कड़ी सैन्य कार्रवाई की चेतावनी भी सामने आती है।

अमेरिका में यह चिंता भी बनी हुई है कि ईरान के साथ मौजूदा संघर्ष लंबा खिंच सकता है। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच बातचीत, सैन्य गतिविधियों और होर्मुज स्ट्रेट से जुड़े फैसलों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार की भी नजर रहेगी।

About NW-Editor

Check Also

बैंकॉक में बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सड़कें बनीं तालाब: गाड़ियां डूबीं, बसों में घुसा पानी; 4,200 लोग राहत शिविरों में पहुंचे

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *