Breaking News

RAF फेयरफोर्ड के पास संदिग्ध गतिविधि से हड़कंप, 5 गिरफ्तार: 3 वैन देखकर महिला ने दी सूचना; गांव के 85 घर खाली कराए

लंदन। ब्रिटेन के ग्लॉस्टरशायर में स्थित RAF फेयरफोर्ड एयरबेस के पास संदिग्ध गतिविधि सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। पुलिस ने एयरबेस के आसपास से पांच संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है। शुरुआत में इन पर विस्फोटक से जुड़े अपराधों का शक जताया गया, बाद में मामले को आतंकी साजिश के एंगल से भी जांचा जा रहा है।

घटना की शुरुआत उस समय हुई जब एक महिला ने एयरबेस की ओर जाती तीन सफेद वैन को संदिग्ध हालत में देखा। महिला के मुताबिक, उसे कुछ नकाबपोश लोग भी नजर आए, जो उसकी कार को देखकर खेतों और जंगल की तरफ भागने लगे। इसके बाद उसने रात करीब 1:36 बजे इमरजेंसी नंबर 999 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

महिला की सूचना के बाद पुलिस ने एयरबेस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। एहतियात के तौर पर नजदीकी गांव के करीब 85 घरों को खाली कराया गया। इलाके में हथियारों से लैस पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए बम निरोधक टीम को बुलाया गया।

तीनों वैन की जांच रोबोट की मदद से की गई। सोमवार सुबह तक वाहनों को मौके से हटाया नहीं गया था और आसपास रहने वाले लोगों को भी तत्काल घर लौटने की अनुमति नहीं दी गई।

रक्षा मंत्री ने महिला की सतर्कता की सराहना की

ब्रिटेन के रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग ने संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने वाली महिला की तारीफ की। उन्होंने कहा कि महिला ने समय रहते पुलिस को जानकारी देकर समझदारी दिखाई।

महिला ने बताया कि उसने पहले रक्षा मंत्रालय की पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करने की कोशिश की थी, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने आपातकालीन सेवा के नंबर 999 पर कॉल किया। करीब 10 मिनट के भीतर पुलिस गांव में पहुंच गई।

एयरबेस पर अमेरिकी वायुसेना की मौजूदगी

RAF फेयरफोर्ड ग्लॉस्टरशायर में स्थित एक महत्वपूर्ण सैन्य एयरबेस है, जहां अमेरिकी वायुसेना की मौजूदगी रहती है। यह एयरबेस लंदन से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।

हालिया ईरान संघर्ष के दौरान भी इस एयरबेस का इस्तेमाल अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, यहां से B-1 और B-2 बॉम्बर विमानों से जुड़े अभियान संचालित किए गए थे।

ईरान कनेक्शन की अभी पुष्टि नहीं

गिरफ्तार किए गए पांच लोगों और ईरान के बीच किसी संबंध का फिलहाल कोई आधिकारिक सबूत सामने नहीं आया है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ने भी ईरान की भूमिका को लेकर किसी तरह का अनुमान लगाने से इनकार किया है।

फिलहाल पुलिस की जांच गिरफ्तार लोगों, उनकी गाड़ियों और एयरबेस के आसपास उनकी गतिविधियों पर केंद्रित है। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि संदिग्ध लोग वहां क्यों पहुंचे थे और उनके पास मौजूद सामान का क्या उद्देश्य था।

About NW-Editor

Check Also

बैंकॉक में बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सड़कें बनीं तालाब: गाड़ियां डूबीं, बसों में घुसा पानी; 4,200 लोग राहत शिविरों में पहुंचे

बैंकॉक। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में लगातार भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात पैदा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *