फतेहपुर। निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय शाह प्रथम और बहुआ इंटर कॉलेज में संचालित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी संवेदनशीलता, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविरों में चल रहे कार्यों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों से पंजीकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य निर्वाचक नामावली में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करना है। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से संवाद कर अभियान के संबंध में जानकारी ली और पात्र लोगों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए पात्र नागरिकों के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अभियान के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने के भी निर्देश दिए।

News Wani