Breaking News

फतेहपुर में पठन प्रतियोगिता से निखरी विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेधावियों को मिला सम्मान

फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रोग्राम एंड एक्टिविटीज 2026-27 के अंतर्गत माध्यमिक स्तर की कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए पठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने पठन कौशल, शुद्ध उच्चारण, स्पष्टता, प्रवाह और भावानुकूल वाचन का प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के आधार पर स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की साफिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के छोटू द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की राशिका वर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के अमन कुमार को सर्वश्रेष्ठ उच्चारण और स्वर्गीय डॉ. सत्य नारायण भारती विद्यालय की हेमा देवी को सर्वश्रेष्ठ प्रवाह के लिए चुना गया।
प्रतियोगिता का संचालन नोडल प्रभारी राजेंद्र कुमार एवं प्रवक्ता डाली सिंह के नेतृत्व में किया गया। निर्णायक मंडल में डायट प्रवक्ता डॉ. अमृत कुमार यादव, डाली सिंह और पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज के अनिल कुमार शामिल रहे।
संस्थान के प्राचार्य मायाराम ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्राचार्य ने कहा कि पठन प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषा कौशल, शुद्ध उच्चारण, आत्मविश्वास और प्रभावशाली अभिव्यक्ति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। नियमित पठन से ज्ञान का विस्तार होता है और व्यक्तित्व में निखार आता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सहगामी गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अच्छा प्रदर्शन करके अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने के साथ समाज और देश की प्रगति में भी योगदान दे सकते हैं।
इस दौरान वरिष्ठ प्रवक्ता आरती गुप्ता, अजीत कुमार निगम, राकेश सचान और शशांक शेखर शुक्ला ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नियमित पठन को शब्दावली समृद्ध करने, भाषा पर पकड़ मजबूत बनाने तथा तार्किक चिंतन और संप्रेषण कौशल विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।
कार्यक्रम में प्रवक्ता डॉ. रमेश कुमार सोनकर, अतुल कुमार, अंतिम सिंह और भारती सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

About NW-Editor

Check Also

खेत में पानी लगाने गए 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत

फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव में शनिवार सुबह खेतों में पानी लगाने के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *