पुलिस लाइन में पीएम का संबोधन सजीव प्रसारित
ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा: इटावा पुलिस द्वारा “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” के माध्यम से महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन स्थित सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सजीव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित लोगों को दिखाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं, प्रशिक्षणरत महिला आरक्षियों, अध्यापिकाओं, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग कर संबोधन को गंभीरता एवं उत्साह के साथ सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में नारी शक्ति के सम्मान, उनकी निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी तथा “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रमुख शक्ति बताया। साथ ही महिलाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन/जसवंतनगर आयुषी सिंह द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, हेल्पलाइन नंबर 112, 1090 व 181 की जानकारी तथा सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक निर्मला, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
News Wani
