Breaking News

खेत से लौट रहे किसान की सड़क हादसे में गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

फतेहपुर। जोगिनहां-अमौली मार्ग पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल किसान की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से मां लीलावती और पिता जियानपाल का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, जाफरगंज थाना क्षेत्र के मऊदेव गांव निवासी उमाशंकर कुशवाहा (28) पुत्र जियानपाल कुशवाहा शुक्रवार शाम करीब छह बजे खेत से ट्रॉली में मिर्च डालकर दोबारा खेत से मिर्च लेने जा रहे थे। इसी दौरान अमौली की ओर से मऊदेव जा रहे तेज रफ्तार बाइक सवार गोलू सिंह चंदेल निवासी भिखनीपुर, थाना चांदपुर ने विपरीत दिशा में आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार ने मौके से भागने का प्रयास किया। उसे रोकने की कोशिश करने पर उसने फोन करके अपने दोस्तों को बुला लिया और परिजनों के साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें कंटीली झाड़ियों से भरी खाई में धक्का देकर गिरा दिया गया।

शोर-शराबा सुनकर केदार का डेरा और मऊदेव गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायल उमाशंकर को निजी साधन से अस्पताल ले जाया जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

उमाशंकर दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई शिवपूजन पैर से दिव्यांग हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उमाशंकर दूसरों के खेत बटाई पर लेकर खेती-किसानी करते थे। उनकी पांच बहनें भी हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे उमाशंकर की असमय मौत से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।

हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में मिट्टी खनन और ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। उनका कहना है कि पुलिस की पिकेट कई बार मौके से हट जाती है, जिसके बाद खनन माफिया के ट्रैक्टर तेज गति से गुजरने लगते हैं। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी खनन में लगे ट्रैक्टरों का आवागमन बंद नहीं हुआ।

मामले की जानकारी मिलने पर सपा नेता राजेंद्र सिंह वर्मा और नरेश उमराव मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।

About NW-Editor

Check Also

देश सेवा करने वाले पूर्व सैन्य अधिकारी को नम आंखों से विदाई, गांव में पसरा मातम

फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बड़ौरी गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार संजय कुमार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *