दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। दिल्ली के कई इलाकों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया, जिससे सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। AIIMS फ्लाईओवर लूप, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही। दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास भीषण जाम लग गया।
खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से करीब 390 उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि 15 उड़ानों को डायवर्ट और 26 उड़ानों को रद्द करना पड़ा।
गुरुग्राम में स्कूल और सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम
गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भर गया। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को सरकारी कार्यालयों और सभी स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था लागू की। सोमवार को जलभराव के कारण कई स्कूल बसें पानी में फंस गई थीं, जिनमें बच्चे भी सवार थे।
यूपी में बारिश से 4 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के अयोध्या, वाराणसी, झांसी, जौनपुर और गाजीपुर समेत करीब 15 शहरों में बारिश का दौर जारी है। वाराणसी में सोमवार रात से लगातार बारिश होने के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं। BHU गेट के पास भी घुटनों तक पानी भर गया। बारिश को देखते हुए कई जगह स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत की सूचना है। मथुरा में भी सड़कें और रिहायशी इलाके पानी में डूब गए।
मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का असर
मध्य प्रदेश के भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजारों में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई, जबकि भोपाल में कई जगह यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग ने टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
15 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 27 अगस्त तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बिहार में गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि राजस्थान और पंजाब के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी है। उत्तराखंड में भी कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
News Wani
