Breaking News

धाता मेले में जादू के जरिए चला नशामुक्ति जागरूकता अभियान, गोगा के करतबों ने जीता लोगों का दिल

फतेहपुर। जादू की दुनिया के हैरतअंगेज करतब और समाज को नई दिशा देने वाला जागरूकता संदेश, दोनों का अनूठा संगम सात दिवसीय जय किसान मानव मेले में देखने को मिला। कभी हवा में उड़ती वस्तुएं तो कभी पलक झपकते ही गायब होता सामान देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। प्रसिद्ध जादूगर रविंद्र कुमार केसरवानी उर्फ गोगा ने अपने अनोखे जादुई प्रदर्शन से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, जादू के हर रोमांचक प्रदर्शन के बीच उन्होंने नशे की बढ़ती लत के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए समाज को जागरूकता का संदेश भी दिया।

नगर पंचायत धाता स्थित सूर्यकुंड पक्का तालाब परिसर में आयोजित मेले में इन दिनों सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। प्रतिदिन देर शाम रामलीला का मंचन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम उत्तर प्रदेश सरकार, लखनऊ की ओर से मद्यनिषेध संगोष्ठी एवं जादू शो का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मेला संरक्षक अल्प नारायण सिंह ने किया। मंच पर पहुंचे जादूगर रविंद्र कुमार केसरवानी उर्फ गोगा ने एक के बाद एक ऐसे जादुई करतब दिखाए कि दर्शक अपनी नजरें मंच से नहीं हटा सके। हवा में उड़ती वस्तुएं, अचानक गायब होता सामान और पलभर में बदलते जादुई दृश्य देखकर पूरा मेला परिसर आश्चर्य और रोमांच से भर उठा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह तो बड़ों में जादू के रहस्यों को जानने की उत्सुकता दिखाई दी। हर हैरतअंगेज करतब के बाद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से जादूगर का उत्साह बढ़ाया।

जादुई प्रदर्शन के दौरान गोगा ने मनोरंजन के साथ नशे के दुष्परिणामों को भी प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि नशे की लत व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों और युवाओं पर विशेष ध्यान दें तथा उन्हें किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के माध्यम से जादूगर ने संदेश दिया कि मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता भी जरूरी है। नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मेले में मौजूद दर्शकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि मनोरंजन के माध्यम से नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूकता फैलाना सराहनीय पहल है।

इस आयोजन ने लोगों को न केवल रोमांचक जादुई करतबों का आनंद दिया, बल्कि नशामुक्त जीवन अपनाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में मिशन शक्ति अभियान तेज, महिलाओं और बेटियों को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

फतेहपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर पुलिस ने एक बार …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *