फतेहपुर। शहर के जेल रोड स्थित सेंट जॉन्स स्कूल परिसर में संचालित फ्यूचर स्टार क्रिकेट अकादमी के मैदान पर अंडर-14 लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत फतेहपुर और कानपुर की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया।
मैच में कानपुर के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित 40 ओवर के मुकाबले में कानपुर की टीम फतेहपुर के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। पूरी टीम 30 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
फतेहपुर की ओर से रिया, योगेश और प्रखर ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार गेंदबाजी की। तीनों गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर कानपुर के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने से रोक दिया।
222 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फतेहपुर की अंडर-14 टीम ने संयम और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बल्लेबाजों ने शानदार तालमेल दिखाते हुए लक्ष्य को आसान बना दिया। फतेहपुर की टीम ने 38वें ओवर में ही निर्धारित लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।
इस रोमांचक मुकाबले के दौरान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन प्रिंस रियासत अली, जिला कोच मोहम्मद नूर, विकास प्रजापति और राज प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
News Wani
