न्यूज़ वाणी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा चिप्स, कुरकुरे, रजनीगंधा और कोल्ड ड्रिंक समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। बताया गया कि सरवन नगर स्थित ‘केके इंटरप्राइजेज’ नामक गोदाम को शाम करीब 6 बजे बंद कर दिया गया था। रात लगभग 9:30 बजे अचानक तेज धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरोजनी नगर और आलमबाग फायर स्टेशन से कुल चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

News Wani