न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद में वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में पौधरोपण की प्रगति, पौधों की जीवितता, स्थलों के भौतिक सत्यापन और कचरा निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में अब तक वृक्षारोपण का 10 प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सत्यापन का कार्य तेजी से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के बाद उनकी देखभाल भी जरूरी है। जिन स्थानों पर पौधे सूख गए हैं या नष्ट हो गए हैं, वहां नए जीवित पौधे लगाए जाएं, ताकि पौधों का जीवितता प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बना रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सत्यापन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराते हुए अनुपालन सुनिश्चित करें।
बायो मेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण पर जोर
बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को बायो मेडिकल वेस्ट का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उनके विभाग से मेडिकल वेस्ट बहुत कम मात्रा में निकलता है।
50 ग्राम पंचायतों में जैविक खेती को मिलेगा बढ़ावा
पर्यावरण संरक्षण और नदियों को प्रदूषण से बचाने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी को विशेष निर्देश दिए गए। जनपद की नदियों से पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली 50 ग्राम पंचायतों को जैविक खेती के लिए चिह्नित किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने इन ग्राम पंचायतों की मैपिंग जल्द पूरी करने और वहां उगाई जाने वाली फसलों का विस्तृत विवरण अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा।
सड़क किनारे कूड़ा हटाने और प्लास्टिक पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक में लोक निर्माण विभाग खंड-1 के अधिशासी अभियंता ने बिसंडा विकासखंड में सड़क किनारे लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे की समस्या उठाई। इस पर बताया गया कि सफाई नायक की सहमति से उसकी करीब दो बीघा निजी भूमि पर कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है।
वहीं, मुख्य विकास अधिकारी ने नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाकर अधिक से अधिक छापेमारी की जाए। प्लास्टिक जब्त करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना भी वसूला जाए।
बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या पर भी चर्चा
बैठक में बंदरों को उचित स्थान पर पहुंचाने के साथ आवारा कुत्तों के प्रबंधन पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे आम नागरिकों को राहत मिले और कुत्तों के काटने की घटनाओं की आशंका कम हो सके।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
News Wani
