लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर। उत्तर प्रदेश में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी (बारावफात) का पर्व उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर और मुरादाबाद समेत कई शहरों में जुलूस निकाले गए। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। कई स्थानों पर लोगों के हाथों में धार्मिक झंडों के साथ तिरंगा भी नजर आया।
लखनऊ के उदयगंज इलाके में बारावफात के जुलूस के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली। हिंदू समाज की ओर से आचार्य पंडित कृष्ण चंद्र शुक्ल ने जुलूस में शामिल मुस्लिम धर्मगुरुओं और लोगों का स्वागत किया। उन्होंने मौलाना महमूदुल हसन समेत अन्य धर्मगुरुओं को माला पहनाई और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान दोनों समुदायों के लोग एक-दूसरे से गले मिले।
पंडित कृष्ण चंद्र शुक्ल ने बताया कि पिछले करीब 20 वर्षों से जुलूस का इसी तरह स्वागत करने की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ त्योहार मनाते हैं और एक-दूसरे के धर्म व भावनाओं का सम्मान करते हैं।
वहीं, लखनऊ में अमीनाबाद के झंडे वाले पार्क से जुलूस-ए-मदहे सहाबा रवाना हुआ। इसमें करीब 200 संगठनों के लोग शामिल हुए। अकीदतमंद धार्मिक झंडों के साथ भारतीय तिरंगा लेकर भी पहुंचे। इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने कहा कि जुलूस में तिरंगा देश के प्रति प्रेम और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और विवादित नारों से बचने की अपील की।
वाराणसी में रेवड़ी तालाब से जिले का बड़ा जुलूस निकाला गया। प्रशासन और आयोजन समिति की सहमति से इस बार 1,500 के बजाय केवल 100 वाहनों को जुलूस में शामिल होने की अनुमति दी गई। जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चे और हाथों में धार्मिक झंडे लिए अकीदतमंद आकर्षण का केंद्र रहे।
जुलूसों को लेकर पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। लखनऊ में सुरक्षा के लिए पश्चिमी जोन को पांच जोन और 23 सेक्टरों में बांटा गया है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है।
वाराणसी में निर्धारित अनुमति के बिना जुलूस में शामिल होने वाले वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस ने होटल ब्रॉडवे के पास चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों को रोका, जिनके नंबर अनुमति वाली सूची में शामिल नहीं थे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जांच अभियान जारी रखा गया।
News Wani
