फतेहपुर। युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला युवा महोत्सव का आयोजन महर्षि विद्या मंदिर स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला युवा कल्याण अधिकारी शशि भूषण शर्मा, जिला प्रशिक्षण अधिकारी सलीम खान और महर्षि विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की स्तुति से हुई। महोत्सव में लोकनृत्य समूह, लोकगायन समूह, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में लोकगीत समूह में महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य समूह में भी महर्षि विद्या मंदिर प्रथम स्थान पर रहा, जबकि सरस्वती विद्या मंदिर ने दूसरा और जयपुरिया स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में मनु कुमार प्रथम, पूजा द्वितीय और अनूप कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार कविता लेखन प्रतियोगिता में कृष्णा सिंह ने प्रथम, अर्शिता शुक्ला ने द्वितीय और निमिषा सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त युवा और विकसित भारत की थीम पर संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अनूप, अमित, अंकित, सर्वेश, आशीष और संजय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
News Wani
