Breaking News

नासिक में दो बार भूकंप के झटके, घरों की दीवारों में आई दरारें; 5 किमी गहराई में था केंद्र

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में शनिवार रात और रविवार सुबह भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे 4.3 तीव्रता का भूकंप आया, जबकि रविवार सुबह 5:33 बजे 3.3 तीव्रता का दूसरा झटका दर्ज किया गया। लगातार झटकों से कई इलाकों में लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

भूकंप का केंद्र महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भानवाड़ इलाके में जमीन से करीब 5 किलोमीटर नीचे बताया गया है। नासिक शहर के अलावा सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, दिंडोरी और निफाड़ तालुका के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए।

कई घरों में आईं दरारें

भूकंप के झटकों के बाद सुरगाणा तालुका के भादर और दिंडोरी तालुका के नानाशी गांव में कुछ घरों की दीवारों में दरारें आने की सूचना मिली है। हालांकि, प्रशासन के अनुसार भूकंप से अभी तक किसी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है।

जिला प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। आसपास के बांधों का भी निरीक्षण कराया गया, लेकिन किसी तरह के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने लोगों से घबराने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहना चाहिए और भूकंप की स्थिति में जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बताया गया है कि नासिक जिले में इससे पहले भी 25 से 28 जुलाई और 6 अगस्त के बीच भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गई थीं। लगातार भूकंप के झटकों के कारण स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

About NW-Editor

Check Also

शादी से पहले बुझ गया जीवन का दीप: युवा कारोबारी की मौत, जुलाई में होने वाली थी शादी

महाराष्ट्र: पुणे में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोहगढ़ किले पर एक दर्दनाक हादसे में 26 साल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *