महोबा। शहर के चरखारी बाइपास रोड स्थित एक इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी में शुक्रवार की देर रात आग शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग की चपेट में आने से करीब एक दर्जन इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर बेकार हो गई साथ ही एजेंसी का एसी सहित अन्य सामान भी आग की जद में आने से नष्ट हो गया। एजेंसी संचालक के पहुंचने के बाद पुलिस व फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। पुलिस और दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एजेंसी संचालक को लाखो रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
शहर की एंटरप्राइजेज इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी में शुक्रवार की देर रात करीब 2ः30 बजे आग लगी, आग लगने के समय एजेंसी बंद थी। अंदर से चिंगारी और धुआं निकलता देखकर पास में लाइब्रेरी चलाने वाले व्यक्ति को आग लगने का पता चला। उन्होंने सुबह करीब 4 बजे एजेंसी संचालक साहिल मंसूरी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एजेंसी संचालक स्थानीय लोग मौके के साथ मौके पर पहुंचा और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस बल और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। एजेंसी संचालक ने बताया कि सबसे पहले पावर हाउस फोन कर बिजली बंद कराने की कोशिश की, लेकिन करीब आधे घंटे तक बिजली विभाग के कर्मचारियों ने न तो मेरा और न ही पुलिस कर्मियों का फोन रिसीव किया, जिस पर वह स्वयं पावर हाउस पहुंचे और सो रहे बिजली कर्मचारी को उठाकर बिजली सप्लाई बंद करवाई।
बताया कि बिजली बंद होने के बाद दमकल विभाग ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एजेंसी का सामान जल चुका था। एजेंसी संचालक ने बताया कि आग में एजेंसी में रखी 12 नई इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जल गईं। वहीं 8 अन्य स्कूटी आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा एजेंसी का एसी, फॉल्स सीलिंग और पूरा कीमती फर्नीचर भी जलकर बर्बाद हो गया, जिससे उसे लगभग 15 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।

News Wani