फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के नाम शामिल करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। एक ही व्यक्ति के नाम की दोहरी प्रविष्टियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जन सुविधा केंद्र (CSC) संचालकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में CSC संचालकों को दो पालियों में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़ते समय होने वाली गलतियों और एक ही व्यक्ति के नाम से कई आवेदन जमा होने की समस्या को रोकना था।
प्रशिक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विनय पांडेय ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑफलाइन, ऑनलाइन और CSC के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि कई बार आवेदन जमा करने के बाद मोबाइल पर रेफरेंस नंबर का संदेश नहीं आता या पोर्टल पर तकनीकी देरी होती है। ऐसी स्थिति में आवेदक या CSC संचालक दोबारा फॉर्म भर देते हैं, जिससे एक ही व्यक्ति के नाम पर कई आवेदन दर्ज हो जाते हैं। इससे मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों की समस्या पैदा होती है।
उन्होंने CSC संचालकों को निर्देश दिए कि फॉर्म-6 भरते समय आवेदक का नाम, माता-पिता अथवा पति का नाम, जन्मतिथि और पता सहित सभी जानकारियां संबंधित दस्तावेजों के अनुसार सही-सही दर्ज की जाएं। आवेदन में सक्रिय मोबाइल नंबर भरना भी जरूरी है।
सबमिट बटन केवल एक बार दबाने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कहा कि आवेदन जमा करते समय OTP और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक इंतजार किया जाए। फॉर्म सबमिट करने से पहले सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर आवेदक से उनकी पुष्टि भी कराई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन जमा करते समय सबमिट बटन केवल एक बार ही क्लिक करें। पोर्टल धीमा होने या तकनीकी समस्या के कारण प्रक्रिया में देरी होने पर बार-बार बटन दबाने से बचें। ऐसा करने से एक ही आवेदन कई बार जमा हो सकता है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद रेफरेंस नंबर आवेदक को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। यदि आवेदन की स्थिति स्पष्ट नहीं होती है तो नया फॉर्म भरने से पहले पुराने आवेदन और उसके रेफरेंस नंबर की जांच जरूर करें।
अंत में उन्होंने बताया कि किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए संबंधित तकनीकी सहायता केंद्र अथवा मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाना और पात्र नागरिकों को बिना किसी परेशानी के मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध कराना है।
News Wani
