फतेहपुर। रेलवे ट्रैक पर मंगलवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष बताई जा रही है। काफी प्रयास के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे आरपीएफ की ओर से पुलिस को रेलवे खंभा संख्या 430/17 के पास ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां शव रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच पड़ा हुआ था और बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। मृतक की गर्दन और एक हाथ कटा हुआ था। ट्रेन की चपेट में आने के कारण शरीर और कपड़े भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।
प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, व्यक्ति ने आत्महत्या की या किसी अन्य परिस्थिति में ट्रेन की चपेट में आया, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के गांवों के लोगों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
खेतों में मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक काफी समय से रेलवे ट्रैक के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा था। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान कराने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
News Wani
