खागा, फतेहपुर। किशुनपुर से पहाड़पुर जाने वाले मार्ग के निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में गिट्टी के साथ अधिक मात्रा में डस्ट मिलाकर डाली जा रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता और मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। निर्माण कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क निर्माण में गिट्टी और डस्ट का निर्धारित अनुपात नहीं रखा जा रहा है। इससे सड़क के जल्द खराब होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य की शुरुआत से ही लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने मांग की है कि इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और मानकों के विपरीत डाली गई सामग्री को हटाकर नियमानुसार सड़क का निर्माण कराया जाए।
गौरतलब है कि हाल ही में स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने किशुनपुर-पहाड़पुर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया था। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन शुरुआती दौर में ही गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने और मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।
News Wani
