पति से छुटकारा पाने के लिए पत्नी ने प्रेमी संग बनाया अनोखा प्लान

 

गाजियाबाद: पति से चल रहे विवाद और उसे छोड़कर दूसरी शादी करने के लिए महिला ने एसिड अटैक का षड्यंत्र रचा था। इस मामले में 21 अगस्त को महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर एसिड अटैक का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए टीम को लगाया गया था। पता चला कि महिला ने खुद ही यह घटना प्लांट की थी। उसने बॉयफ्रेंड और पूर्व परिचित की मदद से यह घटना कर पुलिस को झूठी सूचना दी थी। पुलिस ने आरोपी प्रियंका शर्मा, बॉयफ्रेंड पुलकित त्‍यागी और दोस्‍त अंकित को गिरफ्तार किया है। उनके पास से एसिड की बोतल और बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रियंका शर्मा ने बताया कि 2018 में अर्पित कौशिक से उसकी शादी हुई थी। कुछ समय बाद ही उनका विवाद शुरू हो गया था और वर्तमान में उनकी काउंसलिंग चल रही है। इस दौरान 2024 में प्रियंका की मुलाकात पुलकित से हुई। उसका भी अपनी पत्नी से विवाद है। दोनों में दोस्ती होने के बाद वे एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने एसिड अटैक की प्लानिंग की।

21 अगस्त को काउंसलिंग के बाद प्रियंका बाइक कैब से मिगसन सोसायटी के पास पहुंची। यहां अंकित एसिड लेकर पहुंचा था। उसने काफी सफाई से महिला की पीठ पर कुछ एसिड डाल दिया। इसके बाद उसने अपने पति अर्पित और ससुराल वालों के साथ पुलकित की पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। प्लान था कि उनके जेल जाने के बाद दोनों शादी कर लेंगे। लेकिन, जांच में उनकी पोल खुल गई और पकड़े गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.