Breaking News

अमिताभ बच्चन ने सैफ अली खान को बताया अपना रिश्तेदार, करीना को लेकर पूछा मजेदार सवाल

नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और अभिनेता सैफ अली खान के बीच पारिवारिक रिश्ते का एक दिलचस्प कनेक्शन सामने आया है। सैफ अली खान अपनी फिल्म के को-स्टार के साथ लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे थे। शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने सैफ को उनके पारिवारिक रिश्ते के बारे में बताया, जिसे सुनकर अभिनेता हैरान रह गए।

शो के दौरान अमिताभ बच्चन ने सैफ अली खान से कहा कि बहुत से लोगों को यह जानकारी नहीं है कि सैफ उनके रिश्ते में आते हैं। अमिताभ की बात सुनकर सैफ ने हैरानी से पूछा, “मैं?”

इसके बाद अमिताभ बच्चन ने कपूर और नंदा परिवार के जरिए दोनों परिवारों के बीच संबंध को समझाया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी श्वेता बच्चन की शादी निखिल नंदा से हुई है। निखिल नंदा, फिल्म अभिनेता और निर्देशक राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे हैं।

राज कपूर, करीना कपूर के दादा थे। करीना कपूर, राज कपूर के बड़े बेटे रणधीर कपूर की बेटी हैं। इस लिहाज से निखिल नंदा और करीना कपूर कजिन हैं। वहीं, सैफ अली खान की शादी करीना कपूर से हुई है। इसी रिश्ते के जरिए सैफ और बच्चन परिवार के बीच पारिवारिक जुड़ाव बनता है।

करीना को लेकर अमिताभ ने किया मजेदार सवाल

रिश्ते की बात समझाने के बाद अमिताभ बच्चन ने सैफ अली खान से मजाकिया अंदाज में पूछा कि करीना उन्हें किस रिश्ते के नाम से बुलाएंगी?

अमिताभ का सवाल सुनकर सैफ ने मजेदार जवाब दिया और कहा कि अच्छा है कि यह सवाल शो में नहीं है। सैफ का जवाब सुनकर अमिताभ बच्चन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। शो का यह मजेदार पल दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन सकता है।

अमिताभ और सैफ पहले भी साथ कर चुके हैं काम

अमिताभ बच्चन और सैफ अली खान इससे पहले ‘एकलव्य: द रॉयल गार्ड’ और ‘आरक्षण’ जैसी फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं। वहीं अमिताभ बच्चन और करीना कपूर ने भी ‘कभी खुशी कभी गम’, ‘देव’ और ‘सत्याग्रह’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

सैफ अली खान जल्द ही प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार समेत कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

करीना कपूर की बात करें तो वह आखिरी बार ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं। वह आगामी फिल्म ‘दायरा’ में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।

About NW-Editor

Check Also

शबाना आजमी का बड़ा बयान: बोलीं- हमें कभी फतवे तो कभी आतंकवादी कहकर निशाना बनाया जाता है

नई दिल्ली। मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने और अपने पति एवं लेखक जावेद अख्तर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *