Breaking News

फर्श साफ करने और डांसर्स को चाय पिलाने से शुरू हुआ सफर, आज 50 के हुए विवेक ओबेरॉय

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबेरॉय आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। 3 सितंबर 1976 को जन्मे विवेक ने अपने अभिनय करियर में कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बनाई। हालांकि, फिल्मों में सफलता हासिल करने से पहले उन्होंने इंडस्ट्री में काफी संघर्ष किया। शुरुआती दौर में उन्होंने फिल्ममेकर फराह खान को असिस्ट किया और रिहर्सल रूम की सफाई से लेकर डांसर्स के लिए चाय लाने तक का काम किया।

विवेक ने एक पुराने इंटरव्यू में अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया था कि उन्होंने फराह खान के साथ ट्रेनिंग के दौरान रिहर्सल रूम साफ करने और डांसर्स के लिए चाय लाने से शुरुआत की थी। धीरे-धीरे उन्होंने फिल्म निर्माण और अभिनय की बारीकियां सीखीं और बॉलीवुड में अपनी जगह बनाई।

‘कंपनी’ से मिली पहचान

विवेक ओबेरॉय ने साल 2002 में राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘कंपनी’ से बॉलीवुड में कदम रखा। मुंबई के अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में उन्होंने चंदू का किरदार निभाया था। उनकी दमदार अदाकारी को दर्शकों और समीक्षकों ने खूब सराहा।

डेब्यू फिल्म के लिए विवेक को फिल्मफेयर बेस्ट मेल डेब्यू अवॉर्ड मिला। इसके बाद उसी साल वह ‘रोड’ और ‘साथिया’ में नजर आए। ‘साथिया’ में रानी मुखर्जी के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नामांकन भी मिला।

हीरो से विलेन तक निभाए यादगार किरदार

विवेक ने अपने करियर में सिर्फ रोमांटिक हीरो की भूमिकाओं तक खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने निगेटिव और चुनौतीपूर्ण किरदारों में भी अपनी अलग पहचान बनाई। विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘ओमकारा’ में उन्होंने केशु का किरदार निभाया।

इसके बाद ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ में गैंगस्टर माया डोलस की भूमिका ने उन्हें एक अलग पहचान दी। उनके लुक और अभिनय की काफी चर्चा हुई।

साल 2010 में आई ‘रक्त चरित्र’ में विवेक ने परिताला रवि का किरदार निभाया। यह उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण किरदारों में से एक माना जाता है। वहीं, ‘कृष 3’ में उन्होंने सुपरविलेन काल का रोल निभाकर दर्शकों का ध्यान खींचा।

साउथ की फिल्मों में भी किया काम

विवेक ओबेरॉय ने हिंदी सिनेमा के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी काम किया है। उन्होंने तमिल फिल्म ‘विवेगम’, मलयालम फिल्म ‘लूसिफर’ और ‘कडुवा’ में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। इसके अलावा वह तेलुगु फिल्म ‘विनय विधेया रामा’ में भी नजर आए।

अभिनय के साथ कारोबार और प्रोडक्शन में भी सक्रिय

विवेक ओबेरॉय सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने बिजनेस के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है। वह कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबार में सक्रिय हैं और कई स्टार्टअप कंपनियों में निवेश कर चुके हैं।

उन्होंने फिल्म प्रोडक्शन में भी कदम रखा। साल 2011 में उन्होंने ‘देख इंडियन सर्कस’ का निर्माण किया, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली। इसके अलावा वह टेलीविजन रियलिटी शो में जज की भूमिका निभा चुके हैं और फिल्म ‘पीएम नरेंद्र मोदी’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किरदार भी निभाया।

अब ‘रामायण’ में नजर आएंगे विवेक

विवेक ओबेरॉय अब नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म में वह रावण की बहन शूर्पणखा के पति विद्युत्जिह्व का किरदार निभा रहे हैं। उनके किरदार को लेकर पहले अलग-अलग चर्चाएं थीं, लेकिन बाद में फिल्म से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद भूमिका स्पष्ट हुई।

फिल्म में विवेक के किरदार और रावण के बीच युद्ध का दृश्य भी देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि विवेक ने फिल्म से मिलने वाली अपनी पूरी फीस कैंसर से जूझ रहे बच्चों के इलाज के लिए दान करने का फैसला किया है।

About NW-Editor

Check Also

शबाना आजमी का बड़ा बयान: बोलीं- हमें कभी फतवे तो कभी आतंकवादी कहकर निशाना बनाया जाता है

नई दिल्ली। मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी ने अपने और अपने पति एवं लेखक जावेद अख्तर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *