खागा, फतेहपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक आनंद मिश्रा को सोमवार को खागा तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय में सम्मानित किया गया। एसडीएम और तहसीलदार ने संयुक्त रूप से उन्हें सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम ने श्रीराम जी की आकर्षक मूर्ति भेंट कर शिक्षक आनंद मिश्रा का अभिनंदन किया। वहीं, तहसीलदार ने प्रतीक चिह्न देकर उन्हें सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि आनंद मिश्रा ने न केवल विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने का प्रयास किया है, बल्कि बच्चों में संस्कार और नैतिक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया है।
अधिकारियों ने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलना पूरे तहसील क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। पुरस्कार मिलने के बाद से ही शिक्षक आनंद मिश्रा को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। तहसील में आयोजित इस सम्मान समारोह के बाद क्षेत्र के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और गणमान्य नागरिकों में खुशी का माहौल है।
लोगों ने कहा कि आनंद मिश्रा जैसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं। ऐसे शिक्षकों के कार्यों से नई पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए और शिक्षा के साथ-साथ संस्कार व नैतिक मूल्यों को भी जीवन में अपनाना चाहिए।
News Wani
