नासिक के चर्चित टीसीएस धर्मांतरण मामले की मुख्य आरोपी निदा खान को अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नासिक रोड कोर्ट में सुनवाई इन-कैमरा तरीके से की गई, जिसमें आगे कई खुलासे होने की उम्मीद है।
-1778244932738_v.webp)
नासिक। नासिक के चर्चित TCS धर्मांतरण मामले की मुख्य आरोपी मानी जा रही निदा खान को अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नासिक रोड कोर्ट में सुनवाई इन-कैमरा तरीके से की गई।
सुनवाई के दौरान कोर्ट रूम में केवल सरकारी वकील, जांच एजेंसी के अधिकारी, आरोपी और उनके कानूनी प्रतिनिधियों को ही मौजूद रहने की अनुमति दी गई, जबकि अन्य सभी लोगों को अदालत कक्ष से बाहर कर दिया गया।
हाई-प्रोफाइल मामला
इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर नासिक रोड कोर्ट परिसर में पुलिस का भारी बंदोबस्त तैनात किया गया था। कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति की सघन जांच की गई ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
सरकारी पक्ष की ओर से विशेष सरकारी वकील अजय मिसर ने अदालत में पक्ष रखते हुए कहा कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होना बाकी है। उन्होंने अदालत से निदा खान की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि आरोपी से डिजिटल सबूत, आर्थिक लेनदेन और अन्य संदिग्धों से संबंधों को लेकर गहन पूछताछ की जानी है। वहीं, निदा खान की ओर से वकील राहुल कासलीवाल ने अदालत में दलील देते हुए कहा कि उनकी मुवक्किल जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं और पुलिस हिरासत की आवश्यकता नहीं है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जांच एजेंसी को आगे की पूछताछ के लिए समय देते हुए निदा खान को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
आने वाले दिनों में होंगे कई खुलासे
बताया जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच एजेंसियां निदा खान के संपर्क में रहे अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही हैं। इस मामले के सामाजिक और राजनीतिक असर को देखते हुए पूरे राज्य की नजर अब जांच की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
News Wani
