न्यूज़ वाणी ब्यूरो, जसपुरा (बांदा)। बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सिकहुला गांव के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जसपुरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब से मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान रवि पुत्र पप्पू सैनी, निवासी थाना चिल्ला क्षेत्र के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।
News Wani
