न्यूज़ वाणी ब्यूरो, महोबा। जिले में चल रहे विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने के भी निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन के अंतर्गत निर्माणाधीन चरखारी और जैतपुर सबस्टेशन का कार्य नवंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूरा करने को कहा। उन्होंने यूपीपीसीएल के तहत चल रहे 13 निर्माण कार्यों की नवीनतम प्रगति तत्काल सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (नगरीय), सहायक अभियंता यूपीसीएलडीएफ और अधिशासी अभियंता यूपीएसआईसी-2 के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों की समीक्षा में लापरवाही न हो।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग की भवन निर्माण इकाई, बांदा को जिला कारागार का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कर संबंधित विभाग को हस्तांतरित करने को कहा। वहीं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के निर्माण कार्यों में प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और सभी कार्यों की अद्यतन स्थिति पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
मौदहा बांध से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान पिछले महीने की तुलना में प्रगति कम पाए जाने पर डीएम ने काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए नियमित निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना जरूरी है।
जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सीएमआईएस पोर्टल पर वास्तविक प्रगति ही दर्ज की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में अनावश्यक देरी, लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
News Wani
