न्यूज़ वाणी ब्यूरो, फतेहपुर। जनपद में अपराधियों और न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है। इसी क्रम में चांदपुर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी के करीब 18 साल पुराने मामले में एक वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को संबंधित न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सोमवार को चांदपुर थाना पुलिस ने वर्ष 2008 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 22/2008 में वांछित वारंटी सुभाष (46 वर्ष) पुत्र रामधनी, निवासी ग्राम कुन्देरामपुर, थाना चांदपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत मामला दर्ज था। यह मामला धोखाधड़ी, कूटरचना और जाली दस्तावेजों के इस्तेमाल से संबंधित है। न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक अविनाश कुमार मिश्र, कांस्टेबल अजय यादव और कांस्टेबल धीरज कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
पुलिस का कहना है कि वारंटियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों में कानूनी कार्रवाई के लिए अभियान जारी रहेगा।
News Wani
