फतेहपुर। स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को शहर के एक होटल में योजना बैठक आयोजित की। इसमें भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्नातक चुनाव के संयोजकों के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की योजनाओं के अनुरूप जिम्मेदारी निभाने और प्रत्येक बूथ पर रणनीति बनाकर मतदाताओं से संपर्क करने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि स्नातक एमएलसी चुनाव में पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती ही जीत का आधार है। सभी कार्यकर्ता संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार चुनावी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए मतदाताओं से संपर्क और संवाद स्थापित किया जाए, ताकि चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाया जा सके।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने स्नातक चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। वहीं, जिला संयोजक एमएलसी चुनाव उदय लोधी ने जिले की चुनावी संगठनात्मक संरचना का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी शंकर लाल लोधी, प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल, जिला प्रभारी राहुल अग्निहोत्री, राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, विधायक राजेंद्र पटेल, विधायक विकास गुप्ता, पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री राजेश सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी और आशीष मिश्रा मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला महामंत्री पंकज त्रिवेदी व पुष्पराज पटेल, जिला सहसंयोजक कमलेश योगी, अयाह शाह विधानसभा संयोजक प्रवीण सिंह, बिंदकी विधानसभा संयोजक पंकज त्रिपाठी, खागा संयोजक विमलेश पांडेय और फतेहपुर विधानसभा संयोजक अभिषेक शुक्ला सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

News Wani