खागा, फतेहपुर। खखरेरू कस्बे में बाइक सवार हमलावर ने 22 वर्षीय युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद हमलावर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। गंभीर हालत में घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
खखरेरू कस्बा निवासी हर्षल सोनकर (22) पुत्र श्यामलाल सोनकर शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे बाइक से अपने भाई के पास जा रहा था। उसका भाई कस्बे में फल की दुकान चलाता है। इसी दौरान रास्ते में एक हमलावर ने उसे रोक लिया और अचानक चाकू से कई वार कर दिए। हमले में हर्षल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
घटना के बाद हमलावर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग निकला। मौके पर जुटे लोगों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया, जहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से हमलावर की बाइक बरामद हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

News Wani