चेन्नई, 11 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई दौरे के दौरान मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के 14.6 किलोमीटर लंबे पूनमल्ली-वडापालानी रूट का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया। इस परियोजना से चेन्नई में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों की आवाजाही आसान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मेट्रो परियोजना के साथ रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान वेल्लोर कैंटोनमेंट रेलवे स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। ब्रिटिश काल से जुड़े इस स्टेशन का नवीनीकरण किया गया है। यह स्टेशन वेल्लोर शहर में ऐतिहासिक किले के पास स्थित है। इसके पुनर्विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, चेन्नई से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्टेशन का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा दक्षिण रेलवे के तमिलनाडु में पूरे हो चुके अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया जाना है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए चेन्नई में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर में करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए पांच स्तरीय घेरा बनाया गया है।
चेन्नई एयरपोर्ट, पोरूर बाईपास मेट्रो स्टेशन, आईआईटी मद्रास, चेन्नई ट्रेड सेंटर और गिंडी स्थित राजभवन सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया है और कई इलाकों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने मीनंबक्कम, गिंडी, कोट्टूरपुरम, पोरूर और नंदंबक्कम के आसपास के क्षेत्रों को रेड जोन घोषित करते हुए ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
मेट्रो के दूसरे चरण के इस रूट के शुरू होने से चेन्नई की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मेट्रो नेटवर्क का विस्तार होने से यात्रियों को आवागमन के अधिक विकल्प मिलेंगे। वहीं, रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से रेल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
News Wani
