Breaking News

मुजफ्फरपुर में दो मासूम बहनों की टुकड़ों में मिले शव; इलाके में तनाव और आक्रोश

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने न केवल बिहार बल्कि पूरी इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। रामपुरहारी थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में पिछले तीन दिनों से लापता दो मासूम चचेरी बहनों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी सीमाएं लांघते हुए बच्चियों के शरीर को क्षत-विक्षत कर दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

चिमनी भट्ठे के पास मिले क्षत-विक्षत शव: बुधवार की सुबह गांव के ही धीरू राय के चिमनी भट्ठे के पास स्थित एक चौर (जलजमाव वाले इलाके) में ग्रामीणों ने बच्चियों के शव देखे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृत बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय मौसमी कुमारी (पिता राजेश राय) और 7 वर्षीय रूची कुमारी (पिता वीरचंद्र कुमार) के रूप में हुई है। हत्यारों की दरिंदगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मासूमों के सिर, हाथ और पैर काट डाले थे।

पूजा के दौरान खेलते-खेलते हुई थीं लापता: परिजनों ने बताया कि रविवार को गांव में ‘बख्तोर भूईया बाबा’ की पूजा का आयोजन हो रहा था। दोनों बहनें घर के पास ही खेल रही थीं। काफी देर तक जब वे नहीं दिखीं, तो परिवार को लगा कि वे पूजा स्थल पर ही होंगी। लेकिन जब रात तक दोनों घर नहीं लौटीं, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। काफी खोजबीन के बाद जब बच्चियों का सुराग नहीं लगा, तो मंगलवार को रामपुरहारी थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

भारी पुलिस बल तैनात, FSL टीम ने जुटाए सबूत: शव मिलने के बाद मकसूदपुर गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया है। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए FSL (विधि विज्ञान प्रयोगशाला) की टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस का दावा: जल्द सलाखों के पीछे होंगे कातिल: पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और कुछ संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। थानाध्यक्ष ने आक्रोशित ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि अपराधियों ने चाहे कितनी भी चालाकी की हो, वे कानून के शिकंजे से बच नहीं पाएंगे और जल्द ही इस जघन्य कांड का पर्दाफाश किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

मुजफ्फरपुर में चीखों की राख: 4 मासूम जिंदा जले, कई लापता

  मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाला खबर आई है। जिसे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *