फतेहपुर। सोमवार को उस समय इलाके में सनसनी फैल गई, जब औंग थाना क्षेत्र के आशापुर के पास एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नग्न अवस्था में पड़ा मिला। महिला के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। शव मिलने की सूचना फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। महिला की स्थिति को देखते हुए दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के भाई ने शव की पहचान गरीबादेवी (45) पत्नी पुत्तन, निवासी थानपुर, थाना औंग के रूप में की। भाई ने बताया कि गरीबादेवी तीन दिन पहले दवा लेने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जांच टीम को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच करने और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल महिला की मौत के पीछे की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। दुष्कर्म और हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
News Wani
