अपराधियों पर कार्रवाई में स्वीकार नहीं की जाएगी ढिलाई: डीएम

– लंबित मामलों पर जताई सख्ती, अधिकारियों को दिए निर्देश
– बैठक में भाग लेते डीएम व एसपी।
फतेहपुर। जनपद में संगठित अपराध और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत लंबित एवं प्रस्तावित मामलों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों की वर्तमान स्थिति, विवेचना की प्रगति, अभियोजन की पैरवी तथा प्रस्तावित कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक मामले में साक्ष्यों के आधार पर गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए, ताकि अदालत में अपराधियों के खिलाफ मजबूत पैरवी हो सके और उन्हें शीघ्र सजा दिलाई जा सके। डीएम एवं एसपी ने कहा कि गैंगस्टर अधिनियम का उद्देश्य संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इसलिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध, निष्पक्ष और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर प्रस्तावित मामलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाए। बैठक में अपराधियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने, अभियोजन की मजबूती व विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी बिंदकी, क्षेत्राधिकारी खागा, अभियोजन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण

– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प – पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी। फतेहपुर। देशव्यापी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *